GST टैक्स इनवॉइस में क्या-क्या लिखना ज़रूरी है?
आपका ग्राहक आपके बिल के भरोसे ही इनपुट टैक्स क्रेडिट लेता है। गलत GSTIN या गलत टैक्स हेड छपाई की छोटी बात नहीं है, इससे उसका पैसा और आपका ग्राहक दोनों जा सकते हैं।

सीधा जवाब
GST टैक्स इनवॉइस पर आपका नाम, पता और GSTIN, साल भर का एक लगातार सीरियल नंबर, तारीख, रजिस्टर्ड ग्राहक का नाम, पता और GSTIN, HSN या SAC कोड, माल का विवरण और मात्रा, टैक्सेबल वैल्यू, टैक्स की दर और रकम (CGST और SGST या IGST), दूसरे राज्य की बिक्री पर place of supply, रिवर्स चार्ज की जानकारी और साइन होना ज़रूरी है।
बिल की हर फ़ील्ड क्यों मायने रखती है
टैक्स इनवॉइस एक साथ तीन काम करता है। ग्राहक को बताता है कि उसे कितना देना है। आपका आउटपुट टैक्स दर्ज करता है। और रजिस्टर्ड ग्राहक के लिए यही वह कागज़ है जिस पर वह इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेता है।
बिल में क्या-क्या होना चाहिए, यह CGST Act की Section 31 और CGST Rules, 2017 के Rule 46 में लिखा है। कोई ज़रूरी फ़ील्ड छूट जाए या गलत हो, तो ऑडिट या नोटिस में बिल पर सवाल उठ सकता है और ग्राहक का क्रेडिट रुक सकता है। इसीलिए समझदार ग्राहक, खासकर डिस्ट्रीब्यूटर और कंपनियाँ, गलत बिल वापस भेज देते हैं।
काउंटर पर रखने के लिए हमारी एक पेज की GST invoice format checklist भी है। यहाँ हम बिल पर फ़ील्ड जिस क्रम में आती हैं, उसी क्रम में समझते हैं।
ऊपर से नीचे तक: ज़रूरी फ़ील्ड
| फ़ील्ड | क्या छापें | आम गलती |
|---|---|---|
| आपकी जानकारी | नाम, पता और GSTIN | दुकान बदलने के बाद भी पुराना पता |
| बिल नंबर | साल भर का लगातार सीरियल नंबर, 16 अक्षर तक | दो काउंटर पर एक ही सीरीज़ |
| तारीख | बिल जारी करने की तारीख | पिछले महीने की तारीख डालना |
| ग्राहक की जानकारी | नाम, पता और GSTIN (अगर रजिस्टर्ड है) | GSTIN में एक अंक गलत |
| HSN या SAC | पिछले साल का टर्नओवर ₹5 करोड़ तक हो तो 4 अंक, उससे ऊपर 6 अंक | B2B बिल पर खाली छोड़ना |
| विवरण और मात्रा | क्या बेचा, मात्रा और यूनिट | "माल चालान के अनुसार" लिख देना |
| वैल्यू | कुल वैल्यू, और डिस्काउंट के बाद टैक्सेबल वैल्यू | डिस्काउंट टैक्स के बाद दिखाना |
| टैक्स | CGST और SGST, या IGST की दर और रकम | राज्य के अंदर की बिक्री पर IGST |
| Place of supply | दूसरे राज्य की बिक्री पर राज्य का नाम | इंटर-स्टेट बिल पर गायब |
| रिवर्स चार्ज | टैक्स रिवर्स चार्ज पर देय है या नहीं | जहाँ लागू हो वहाँ भूल जाना |
| साइन | आपका या अधिकृत व्यक्ति का साइन या डिजिटल साइन | बिना साइन का प्रिंट |
दो नियम और याद रखें। अगर बिना रजिस्ट्रेशन वाले ग्राहक को ₹50,000 या उससे ज़्यादा का माल बेचा, तो बिल पर उसका नाम, पता, डिलीवरी का पता, और राज्य का नाम व कोड भी छापें। और अगर डिलीवरी का पता place of supply से अलग है, तो वह भी लिखें।
बिल नंबर: छोटी फ़ील्ड, बड़ा सिरदर्द
पूरे वित्त वर्ष में नंबर एक लगातार सीरीज़ में होने चाहिए। अक्षर, अंक, हाइफ़न और स्लैश चल सकते हैं, जैसे INV/26-27/0001। अलग काउंटर या ब्रांच की अलग सीरीज़ रख सकते हैं, बस हर सीरीज़ लगातार और यूनीक हो।
- नंबर न छोड़ें। बिल खराब हो जाए तो उसे कैंसल करके कॉपी रखें; वही नंबर दोबारा न लगाएँ।
- साल के बीच में सीरीज़ फिर से शुरू न करें।
- 1 अप्रैल को नई सीरीज़ शुरू करें और साल को प्रीफ़िक्स में लिखें, ताकि अगले साल नंबर न दोहराएँ।
अब GSTR-1 में जारी किए गए डॉक्यूमेंट का सारांश भी जाता है: हर सीरीज़ का पहला और आखिरी नंबर और कैंसल बिलों की गिनती। बिना वजह के खाली नंबर ही अफ़सर सबसे पहले देखता है।
एक उदाहरण
अपने माल की दर मौजूदा नोटिफ़िकेशन से मिलाएँ। 22 सितंबर 2025 से ज़्यादातर सामान 5% या 18% पर है, और कुछ चीज़ें 40% पर, इसलिए उससे पहले के रेट चार्ट गलत हो सकते हैं।
CGST+SGST और IGST में से चुनना सबसे आम गलती है। नियम सीधा है: अपना राज्य और place of supply मिलाइए। एक ही राज्य है तो टैक्स आधा-आधा बाँटिए। अलग राज्य है तो IGST लगाइए।
बिल कब काटें और कितनी कॉपी
- माल: माल निकलने या डिलीवरी से पहले या उसी समय बिल काटें। तीन कॉपी: ओरिजिनल ग्राहक के लिए, डुप्लिकेट ट्रांसपोर्टर के लिए, ट्रिप्लिकेट आपके लिए।
- सर्विस: सर्विस देने के 30 दिन के अंदर। दो कॉपी: ओरिजिनल ग्राहक के लिए, डुप्लिकेट आपके लिए।
- छोटी नकद बिक्री: ₹200 से कम की बिक्री, ग्राहक बिना रजिस्ट्रेशन का हो और बिल न माँगे, तो दिन के अंत में एक कंसॉलिडेटेड बिल काट सकते हैं।
अगर 2017-18 से किसी भी साल आपका टर्नओवर ₹5 करोड़ पार हुआ है, तो B2B बिल ई-इनवॉइस के रूप में भी रिपोर्ट करने होंगे। इसके नियम अलग हैं; देखें ई-इनवॉइस किसे बनाना है।
बिल देने से पहले दो मिनट की जाँच
- ग्राहक का GSTIN सही और चालू है? एक अंक गलत हुआ तो उसका क्रेडिट किसी और के खाते में जाएगा।
- टैक्स हेड सही है? एक राज्य में CGST+SGST, दूसरे राज्य में IGST।
- HSN कोड है, और आपके टर्नओवर के हिसाब से पूरे अंक हैं?
- डिस्काउंट टैक्स से पहले घटाया है, बाद में नहीं?
- बिल नंबर सीरीज़ का अगला नंबर है?
GSTR-1 में जाने के बाद बिल सुधारने के लिए क्रेडिट नोट या अमेंडमेंट लगता है। काउंटर पर सुधारने में दस सेकंड लगते हैं।
आम सवाल
क्या GST बिल पर साइन ज़रूरी है?
हाँ, Rule 46 के तहत सप्लायर या अधिकृत व्यक्ति का साइन या डिजिटल साइन चाहिए। IRP पर रिपोर्ट हुए ई-इनवॉइस पर साइन की ज़रूरत नहीं है।
क्या एक साल में दो बिल सीरीज़ रख सकते हैं?
हाँ। ब्रांच, काउंटर या सप्लाई के प्रकार के हिसाब से अलग सीरीज़ रख सकते हैं, बस हर सीरीज़ लगातार हो और कोई नंबर साल में दोहराए नहीं।
B2C बिल में क्या जानकारी चाहिए?
वही सप्लायर की जानकारी, नंबर, तारीख, HSN, विवरण, वैल्यू और टैक्स। ₹50,000 या ज़्यादा की बिक्री पर ग्राहक का नाम, पता, डिलीवरी पता और राज्य भी।
बिल पर ग्राहक का GSTIN गलत छप गया तो?
क्रेडिट गलत GSTIN पर दिखेगा और ग्राहक उसे नहीं ले पाएगा। अगले GSTR-1 या GSTR-1A में बिल अमेंड करके सुधारें।
स्रोत
यह आम जानकारी है, कानूनी या टैक्स सलाह नहीं। नियम बदलते रहते हैं: कुछ करने से पहले स्रोत या अपने CA से पक्का कर लीजिए।
बिल, उधार, स्टॉक और Tally एक जगह
मुंशीजी आपके आंकड़े एक साथ रखता है और बताता है कि आज क्या करना है। फ़ाउंडर सीटें invitation पर खुली हैं।
फ़ाउंडर ऑफ़र देखिएसीट रिज़र्व करने के लिए कॉल या WhatsApp कीजिए 70022 08642